रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार को गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई।
बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से विशाल घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
कार से जा रहे थे विशाल चौहान
जानकारी के अनुसार, पनियाला गांव निवासी 26 वर्षीय विशाल चौहान, पुत्र प्रवीण चौहान, कार से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे।
इसी दौरान बाइक पर आए दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
बताया जा रहा है कि गोली विशाल के कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल विशाल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया
जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
गोलीकांड के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।
सोमवार रात हुए विवाद से जुड़ रही फायरिंग की कड़ी
पुलिस जांच में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना को सोमवार रात हुए एक विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
बताया गया है कि मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था।
इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट की बात भी सामने आई है।
इसके अगले दिन विशाल पर गोली चलाए जाने के बाद पुलिस सोमवार रात हुई घटना
और मंगलवार की फायरिंग के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
विशाल चौहान ने दो नेताओं के समर्थकों पर लगाया आरोप
घायल विशाल चौहान ने आरोप लगाया है कि एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों ने उन पर हमला कराया।
उनका दावा है कि सोमवार रात हुए विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
गोलीकांड की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े कई लोग भी रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचे
और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सीओ रुड़की ने क्या कहा?
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़े :https://uttarakhandhighlights.com/2026/09/30/uttarakhand-sir-final-voter-list-3-october/
![]()
