रुड़की बाइक चोरी
रुड़की: हरिद्वार जिले में झबरेड़ा पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहचान छिपाने के लिए चोरी के दौरान मास्क, कपड़े और यहां तक कि हेयर स्टाइल तक बदलते थे। इसके बावजूद करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र और पुलिस की निगरानी के जरिए दोनों तक पहुंच बनाई गई।
मामले की शुरुआत 17 अगस्त को हुई थी। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठर देवा शेख गांव से मंगलौर कोतवाली क्षेत्र निवासी आस मोहम्मद की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। बाइक का नंबर UK17N-8438 बताया गया है। शिकायत मिलने के बाद झबरेड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने चोरी की जगह से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुराने वाहन चोरी के मामलों में शामिल लोगों का सत्यापन किया गया और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संदिग्ध आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए काफी सावधानी बरतते थे। वे अलग-अलग मौकों पर चेहरा ढकने, कपड़े बदलने और हेयर स्टाइल में बदलाव करने जैसी तरकीब अपनाते थे। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
हालांकि, तकनीकी निगरानी और पुलिस के मैनुअल इनपुट के जरिए जांच टीम को आरोपियों की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
फाजिलपुर चौराहे से दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को टीम ने फाजिलपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय अरमान पुत्र मुजम्मिल, निवासी ग्राम तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर और 19 वर्षीय मोनू पुत्र महेंद्र, निवासी बरशेर सिकंदरपुर, बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, कोतवाली गंगनहर के रूप में हुई है।
पूछताछ के बाद सामने आया चोरी की बाइकों का बड़ा मामला
शुरुआत में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद की थी। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 18 और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
इस तरह पुलिस के हाथ कुल 19 चोरी की बाइक लगी हैं। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में झबरेड़ा, रुड़की कोतवाली, कोतवाली नगर और उत्तर प्रदेश के सदर सहारनपुर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
अन्य बाइकों की चोरी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस संबंधित जिलों और थानों से भी संपर्क कर रही है।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अरमान पहले गंगनहर कोतवाली से जुड़े चोरी और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। वहीं दूसरा आरोपी मोनू मूल रूप से बरेली का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को नशे का आदी बताया है।
पुलिस का दावा- चोरी का नेटवर्क और बड़ा हो सकता है
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते थे, लेकिन पुलिस की तकनीकी निगरानी और जांच के सामने उनकी रणनीति काम नहीं आई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चोरी की इन वारदातों में केवल यही दो आरोपी शामिल थे या इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस से जानकारी साझा कर आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/roorkee-bike-theft-2-arrested-19-bikes-recovered/
