देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर सरकारी नौकरी दिलाने और देहरादून में फ्लैट उपलब्ध कराने का झांसा देकर बिहार निवासी एक व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने डिजिटल न्यूज पोर्टल के संचालक अभय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सचिवालय में नौकरी दिलाने का दिया भरोसा
बिहार निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से हैं और उन्होंने एनआईटी त्रिची से बीटेक तथा आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया है। शिकायत के मुताबिक, मार्च 2020 में देहरादून में उनकी मुलाकात अभय कुमार से हुई थी।
आरोप है कि अभय कुमार ने खुद को एक डिजिटल न्यूज पोर्टल का संचालक बताते हुए आशीष को उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके बाद नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 25 लाख रुपये लिए गए।
प्रशिक्षु जिला विकास अधिकारी का फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, 30 मार्च 2020 को आरोपी ने उन्हें प्रशिक्षु जिला विकास अधिकारी पद का नियुक्ति पत्र भी दिया। बाद में जब आशीष ने दस्तावेज की जांच कराई तो नियुक्ति पत्र कथित तौर पर फर्जी पाया गया।
नौकरी नहीं लगने के बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो विवाद बढ़ गया। आशीष ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
फ्लैट दिलाने के नाम पर भी लिए पांच लाख रुपये
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने देहरादून में फ्लैट दिलाने के नाम पर पीड़ित से पांच लाख रुपये नकद लिए। आरोप है कि आरोपी ने एक फ्लैट दिखाने के बाद उससे संबंधित एक कथित समझौता भी तैयार कराया।
पीड़ित के मुताबिक, रकम वापस करने के लिए आरोपी की ओर से दिए गए कई चेक बैंक में बाउंस हो गए। इनमें से कुछ चेक आरोपी की पत्नी के नाम से होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
डिजिटल पोर्टल पर नौकरी से जुड़ी खबर प्रकाशित करने का आरोप
आशीष कुमार ने अपनी शिकायत में डिजिटल न्यूज पोर्टल के इस्तेमाल को लेकर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी के पोर्टल पर उनके मित्र सुनील कुमार शर्मा के सरकारी नौकरी हासिल करने से संबंधित कथित तौर पर भ्रामक खबर प्रकाशित की गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2021 में उन्होंने और सुनील कुमार ने राजपुर थाने में शिकायत दी थी। इसके अलावा अजय शंकर नाम के एक अन्य व्यक्ति ने भी आरोपी के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पीएमओ पोर्टल से मिली शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
राजपुर थाना प्रभारी पीड़ी भट्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय के पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर अभय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब मामले में कथित लेनदेन और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों, पैसों के लेनदेन, दस्तावेजों और चेक से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
ये भी पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/major-action-against-illegal-construction-in-mussoorie/
