देहरादून. उत्तराखंड में पिछले चार महीनों से जारी लंबे सूखे और शुष्क मौसम से अब राहत मिलने की उम्मीद जाग गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में आज यानी 22 जनवरी से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आने की संभावना है. लंबे समय से बारिश न होने के कारण प्रदेश में “सूखी ठंड” का प्रकोप बना हुआ था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है. वर्तमान स्थिति की बात करें तो मैदानी इलाकों और कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे दोपहर में गर्माहट महसूस होती है. हालांकि, रात और सुबह के समय अभी भी कड़ाके की ठिठुरन बरकरार है. यह तापीय विसंगति शुष्क मौसम के कारण बनी हुई है, जिसे आज से शुरू होने वाला नया मौसम चक्र खत्म कर सकता है.
देहरादून स्थित मौसम विभाग ने मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए विशेष रूप से ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है. आज 22 जनवरी से चोटियों पर हल्की वर्षा और हिमपात की शुरुआत हो सकती है, जो धीरे-धीरे जोर पकड़ेगी. विभाग ने 23 जनवरी के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी की प्रबल संभावना जताई गई है.
यह बदलाव केवल एक दिन का न होकर आगामी 27 जनवरी तक बने रहने का अनुमान है. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही रहेगी और मध्यम से हल्की बारिश होने के आसार हैं. लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों और किसानों के लिए यह खबर राहत भरी है, क्योंकि यह वर्षा रबी की फसलों और पर्यावरण की नमी के लिए अत्यंत आवश्यक है.