उत्तराखंड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आम जनता, किसानों, युवाओं, कर्मचारियों
और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। सरकार के इन निर्णयों का अ
सर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रहने वाले लोगों पर पड़ने की उम्मीद है।
कैबिनेट ने जहां आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है
वहीं सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को भी बड़ी राहत दी है। वन आरक्षी की सीधी
भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार में
‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी, गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 207.75 करोड़ रुपये
की शासकीय प्रत्याभूति और ऋषिकेश के बापूग्राम की वन भूमि को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
आइए जानते हैं धामी कैबिनेट के सभी प्रमुख फैसले और इनका आम जनता पर क्या असर पड़ सकता है।
1. आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी
प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकत्रियों के लिए कैबिनेट ने राहत भरा फैसला लिया है।
सरकार ने उनके मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।
आशा कार्यकत्रियां गांवों और शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य
और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य अभियानों को आम लोगों तक पहुंचाने का काम करती हैं।
मानदेय में इस बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक मदद मिलने के साथ उनके काम को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
2. हरिद्वार में शुरू होगी ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना
हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में कैबिनेट ने बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है।
शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (PRT) यानी पॉड टैक्सी का संचालन प्रस्तावित है। इसे ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम दिया गया है।
इस परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।
-
कॉरिडोर-1: सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा मार्ग और 15 स्टेशन।
-
कॉरिडोर-2: सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा मार्ग और 4 स्टेशन।
-
कॉरिडोर-3: गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा मार्ग और 2 स्टेशन।
तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इनमें कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
परियोजना के निर्माण के लिए 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी
और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अलावा सीतापुर के पास प्रस्तावित पीआरटी डिपो के
लिए निर्माण सामग्री और मशीनरी रखने के उद्देश्य से पांच साल के लिए 2 हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी चिह्नित की गई है।
इस परियोजना से भविष्य में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
3. वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा 25 से बढ़ाकर 28 साल
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए कैबिनेट का यह फैसला काफी महत्वपूर्ण है।
वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट दी गई है।
पहले अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 28 वर्ष कर दिया गया है।
यह बदलाव 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगा।
इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत ‘उत्तराखण्ड अधीनस्थ वन सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026’ को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस फैसले से उन युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा
जो अधिकतम आयु सीमा के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे थे।
4. गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 207.75 करोड़ रुपये की गारंटी
गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पेराई सत्र 2026-27 के दौरान सहकारी
और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 207.75 करोड़ रुपये
की शासकीय प्रत्याभूति देने का निर्णय लिया है।
इसमें बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला की चीनी मिलें शामिल हैं। इस व्यवस्था से चीनी मिलों को वित्तीय
सहायता मिलने और किसानों का गन्ना मूल्य समय पर चुकाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
5. भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की पुरानी दरें फिर लागू होंगी
जमीन की प्लॉटिंग, मकान निर्माण और वैध विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए
कैबिनेट ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में बदलाव को मंजूरी दी है।
सरकार के अनुसार, मौजूदा शुल्क अधिक होने के कारण लोग वैधानिक अनुमति लेने से बच रहे थे।
इससे अवैध प्लॉटिंग और अनियोजित निर्माण की समस्या बढ़ रही थी।
अब 1 अगस्त 2025 के शासनादेश के स्थान पर 6 अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार भू-उपयोग
परिवर्तन शुल्क की दरें लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य वैध निर्माण को प्रोत्साहित करना और भूमि विवादों को कम करना है।
6. मकान और भवन निर्माण के नियमों में मिलेगी राहत
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के तहत कुछ मानकों में शिथिलीकरण
देने की प्रक्रिया को आसान बनाने का फैसला किया गया है।
इसके लिए भूखंड के क्षेत्रफल और भवन के उपयोग के आधार पर अलग-अलग सक्षम प्राधिकारी निर्धारित किए जाएंगे।
कैबिनेट ने संबंधित शासनादेश में आंशिक संशोधन को मंजूरी दी है।
इससे भवन निर्माण से जुड़े मामलों का निस्तारण अधिक तेजी से और निर्धारित समय में किया जा सकेगा।
7. ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ वन भूमि को डीनोटिफाई करने की तैयारी
ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए कैबिनेट का यह फैसला अहम माना जा रहा है।
सरकार ने बापूग्राम आरक्षित वन क्षेत्र की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी है।
यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन और आगे की कानूनी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।
इस संबंध में वन विभाग विस्तृत प्रस्ताव तैयार करेगा।
हालांकि, भूमि को आरक्षित वन की अधिसूचना से बाहर करने के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी
और संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी होगा।
8. वन भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए समिति गठित
बापूग्राम और बिंदुखत्ता जैसे क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे परिवारों को जमीन का
मालिकाना हक देने की दिशा में भी सरकार ने कदम उठाया है।
इसके लिए कैबिनेट ने उप-मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने का फैसला किया है।
समिति इन क्षेत्रों में जमीनों के नियमितीकरण और भूमिधरी अधिकार देने के
लिए नीति तैयार करने से जुड़े पहलुओं पर विचार करेगी।
सरकार की योजना है कि आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक मंजूरियां मिलने के
बाद पात्र परिवारों को राजस्व रिकॉर्ड में अधिकार देने का रास्ता साफ किया जाए।
9. ग्रामीण पेयजल योजनाओं के लिए नई नीति 2026
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने
‘उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026’ को मंजूरी दी है।
इस नई नीति के जरिए गांवों में बनी पानी की टंकियों, पाइपलाइनों और पेयजल योजनाओं
के संचालन तथा रखरखाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पुरानी 2024 की नीति के स्थान पर नई व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे ग्रामीण इलाकों में
पानी की आपूर्ति अधिक नियमित और टिकाऊ बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
10. सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली 2026 को मंजूरी
कामगारों के सामाजिक और आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए कैबिनेट ने
उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी है।
इस नियमावली के तहत संगठित और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले
श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके लिए असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण श्रमिकों के कल्याण के
लिए अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष बनाने का प्रावधान भी किया गया है।
नियमावली में ग्रेच्युटी, नामांकन, अंतिम संस्कार सहायता
और कर्मचारी बीमा न्यायालय से संबंधित व्यवस्थाओं को भी शामिल किया गया है।
11. आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय पर मुख्यमंत्री लेंगे फैसला
प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए भी कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है। इससे आंगनबाड़ी कर्मियों को जल्द मानदेय वृद्धि की उम्मीद जगी है।
12. सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का फैसला किया गया है।
इससे सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आयोग की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
13. पीजी मेडिकल छात्रों को दो साल सरकारी सेवा करनी होगी
प्रदेश के पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने मेडिकल शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रम पूरा करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल की अनिवार्य राजकीय सेवा का बॉन्ड मंजूर किया गया है।
इसके तहत पढ़ाई पूरी करने के बाद चिकित्सकों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में दो साल सेवाएं देनी होंगी।
इससे दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
14. फार्मासिस्ट भर्ती में बी.फार्मा डिग्री भी मान्य
कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESI) के अंतर्गत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) पदों पर सीधी भर्ती की शैक्षिक योग्यता में बदलाव किया गया है।
अब डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा डिग्री धारकों को भी भर्ती के लिए पात्रता में शामिल किया गया है। इसके लिए संबंधित सेवा नियमावली 2021 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
इस फैसले से फार्मेसी की डिग्री हासिल करने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ेंगे।
15. एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन संवर्ग की भर्ती और सेवा शर्तों को व्यवस्थित करने के लिए नई संशोधित नियमावली को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट ने ‘उत्तराखण्ड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026’ को स्वीकृति दी है।
16. सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े एक मामले में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ देने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है।
डॉ. ध्यानी प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग से सेवानिवृत्त हुए हैं।
17. राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली के लिए बनेगी कैबिनेट सब कमेटी
राजस्व विभाग में पटवारी और लेखपाल संवर्ग से पदोन्नति तथा पदों के एकीकरण से जुड़े विषय पर विचार करने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की जाएगी।
इसका उद्देश्य राजस्व निरीक्षक यानी सुपरवाइजर कानूनगो और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना है।
इसके साथ ही नायब तहसीलदार और सहायक भूलेख अधिकारी के पदों पर पदोन्नति से जुड़े नियमों को लेकर नई सेवा नियमावली तैयार करने पर विचार किया जाएगा।
18. DMF शुल्क घटा, क्षतिपूर्ति शुल्क बढ़ा
खनन क्षेत्र में शुल्क व्यवस्था को लेकर भी कैबिनेट ने बदलाव किया है।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं क्षतिपूर्ति शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा पहले बढ़ाई गई रॉयल्टी की दरों को फिलहाल स्थगित रखने की मंजूरी दी गई है।
19. आबकारी विभाग में 11 नए पदों को मंजूरी
अवैध शराब पर नियंत्रण और विभागीय कामकाज को बेहतर बनाने के लिए आबकारी विभाग के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव किया गया है।
विभाग के मौजूदा दो परिक्षेत्रों को बढ़ाकर सात परिक्षेत्रों में पुनर्गठित किया जाएगा।
इसके साथ ही उप आबकारी आयुक्त के पांच नए पद और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। इस तरह कुल 11 नए पदों को मंजूरी मिली है।
20. निर्माण कार्यों में देरी पर NHIDCL को पैनल से हटाया
सरकारी निर्माण परियोजनाओं में देरी को लेकर कैबिनेट ने सख्त रुख अपनाया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) को आवास विभाग के विविध निर्माण कार्यों की सूचीबद्ध एजेंसियों के पैनल से हटाने का फैसला किया गया है।
बताया गया कि पांच जिलों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग से जुड़े कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई। इसके अलावा धनराशि जारी होने के बावजूद लंबे समय तक काम शुरू नहीं किया गया था।
21. विधानसभा के तीसरे सत्र का सत्रावसान
उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान करने की संस्तुति को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
यह निर्णय संवैधानिक और विधायी प्रक्रिया के तहत लिया गया है।
22. सेतु आयोग के संगठनात्मक ढांचे को मंजूरी
नियोजन विभाग के अंतर्गत सेतु आयोग, उत्तराखंड के संगठनात्मक ढांचे को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके साथ ही आयोग में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) से जुड़े कर्मचारियों की सेवा शर्तों को व्यवस्थित करने के लिए ‘उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026’ को भी मंजूरी दी गई है।
23. लेखा परीक्षा नियमावली में तकनीकी संशोधन
उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण में अधिमानी अर्हता को लेकर अंतर को दूर करने का फैसला किया गया है।
इसके तहत नियमावली में ‘प्रादेशिक सेवा’ के स्थान पर ‘प्रादेशिक सेना’ शब्द किया जाएगा। इस संशोधन का उद्देश्य भविष्य में सहायक निदेशक और लेखा परीक्षा अधिकारी के पदों पर सीधी भर्ती से जुड़ी तकनीकी बाधाओं को दूर करना है।
24. महाधिवक्ता कार्यालय के कर्मचारियों की सेवा नियमावली में बदलाव
महाधिवक्ता कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की सेवा शर्तों को लेकर भी कैबिनेट ने निर्णय लिया है।
‘उत्तराखण्ड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) नियमावली, 2013’ में संशोधन करते हुए वर्ष 2026 की संशोधित नियमावली को प्रख्यापित करने की मंजूरी दी गई है।
धामी कैबिनेट के फैसलों से किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
कैबिनेट के इन फैसलों में युवाओं, किसानों, स्वास्थ्य कर्मियों और आम नागरिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है।
-
युवाओं को राहत: वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ने और बी.फार्मा धारकों को पात्रता मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
-
स्वास्थ्य कर्मियों को लाभ: आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि की गई है।
-
किसानों को मदद: चीनी मिलों के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति दी गई है।
-
हरिद्वार को आधुनिक परिवहन: 21.08 किलोमीटर लंबी पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी मिली है।
-
बापूग्राम के लोगों को उम्मीद: वन भूमि को डीनोटिफाई करने और नियमितीकरण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
-
ग्रामीण क्षेत्रों को सुविधा: पेयजल योजनाओं के रखरखाव के लिए नई नीति लागू होगी।
इन फैसलों के जरिए राज्य सरकार ने रोजगार, स्वास्थ्य, परिवहन, ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई क्षेत्रों पर ध्यान दिया है। हालांकि, कई योजनाओं का वास्तविक लाभ उनके क्रियान्वयन, बजट और आगे की प्रशासनिक व कानूनी प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगा।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/27/uttarakhand-dhara-naula-conservation-meghalaya-model/
![]()