टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब
100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस
और अन्य राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
सुबह 4:30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे यात्री बस संख्या
UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गूलर बाजार के पास
बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में
रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
*जनपद टिहरी, गूलर के समीप 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 26 घायलों को रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल, 08 व्यक्तियों की मृत्यु*
https://t.co/OUjPhLHf4b
— Uttarakhandhighlights (@SumitMamga31899) November 17, 2026
SDRF की कई टीमों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश
पर पोस्ट ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं।
इसके बाद निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
खड़ी ढलान और कठिन रास्ते के कारण राहत दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इसके बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए।
26 घायलों को स्ट्रेचर से पहुंचाया अस्पताल
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने बस में फंसे 26 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद स्ट्रेचर की मदद से उन्हें दुर्गम रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया।
यहां से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के शव भी एसडीआरएफ जवानों ने बस से बाहर निकाले।
शवों को सड़क तक पहुंचाने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
आसपास के इलाकों में भी चलाया गया सर्च ऑपरेशन
बचाव अभियान के दौरान एसडीआरएफ की अलग-अलग टीमों ने दुर्घटनास्थल
और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि कोई अन्य यात्री वहां फंसा न रह जाए।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, अन्य राहत एजेंसियों
और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से बचाव अभियान पूरा किया गया।
टिहरी में हुए इस भीषण बस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
प्रशासन की ओर से दुर्घटना से संबंधित अन्य जानकारियों का इंतजार है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/17/uttarakhand-election-literacy-club-elc-competition-2026/
![]()