रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है।
यहां करीब 25 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर युवती के गर्भवती होने के बाद उसके साथ कथित दुष्कर्म की घटना का खुलासा हुआ है।
युवती ने आरोप लगाया है कि होली के आसपास रामनगर में दो से तीन लोगों ने उसके साथ गलत काम किया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
8-9 महीने से रामनगर के अलग-अलग इलाकों में घूम रही थी युवती
जानकारी के अनुसार, करीब 8 से 9 महीनों से लगभग 25 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर युवती रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रही थी।
हाल ही में उसे काशीपुर रोडवेज बस अड्डे के पास दर्द से परेशान हालत में देखा गया।
युवती की स्थिति को देखते हुए किसी व्यक्ति ने इसकी जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल को दी।
अस्पताल में जांच के दौरान गर्भवती होने की पुष्टि
सूचना मिलते ही मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया।
डॉक्टरों की जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता ने बिना देरी किए युवती को
हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
युवती ने बताई आपबीती, दो-तीन लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल के अनुसार, बातचीत के दौरान युवती ने खुद को पौड़ी गढ़वाल का निवासी बताया।
उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी दौरान उसने बताया
कि होली के आसपास रामनगर में दो से तीन लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था।
युवती के इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है
कि घटना कब और कहां हुई तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
महिला सेल को भी दी जाएगी जानकारी, पुलिस कर रही जांच
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
महिला सेल को भी मामले से अवगत कराया जा रहा है।
जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए
दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों को सख्त सजा मिलनी चाहिए
जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल युवती का उपचार जारी है और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/02/uttarakhand-weather-rain-snowfall-5-districts/
![]()