रुद्रपुर में सनसनी: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हमले में राजेश की मौत - Uttarakhand Highlights

रुद्रपुर में सनसनी: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हमले में राजेश की मौत

Rain Water Harvesting

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

पहली घटना में रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला।

युवक का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। वहीं, दूसरी घटना में रोडवेज बस स्टेशन

के पास तीन युवकों द्वारा कथित तौर पर पत्थर से हमला किए जाने के

बाद घायल राजेश की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, अलग-अलग जगह मिले सिर और धड़

रुद्रपुर में रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन के नजदीक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि युवक का धड़ रेलवे ट्रैक के एक तरफ, जबकि सिर दूसरी ओर पड़ा हुआ था।

सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस और पंतनगर-सिडकुल प्रभारी

निरीक्षक हेमंत कठैत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई। वहीं

फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है

कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पंतनगर-सिडकुल प्रभारी निरीक्षक हेमंत कठैत के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रोडवेज स्टेशन के पास राजेश पर पत्थरों से हमला, अस्पताल में तोड़ा दम

रुद्रपुर में दूसरी गंभीर घटना रोडवेज बस स्टेशन के पास सामने आई

जहां कथित विवाद के बाद तीन युवकों ने राजेश पर जानलेवा हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार किए

जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

पुलिस के अनुसार, रम्पुरा वार्ड नंबर 22 निवासी सुनीता पत्नी स्वर्गीय छोटे लाल ने शिकायत में बताया

कि उनके बेटे राजेश के साथ रोडवेज स्थित अमन टी स्टॉल के सामने तीन युवकों का विवाद हुआ था।

शुरुआत में आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और फिर विवाद बढ़ने पर सिर पर पत्थर से हमला कर दिया।

हमले में राजेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसकी नाक और मुंह से खून बहने लगा

और वह मौके पर ही बेसुध हो गया। आरोप है कि हमलावर उसे मृत समझकर बाइक से फरार हो गए।

इसके बाद गंभीर हालत में राजेश को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया

लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

राजेश की मौत के बाद उसकी मां सुनीता की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

शिकायत में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें गौरव कुमार निवासी ग्राम खेड़ा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश)

प्रेम प्रशांत निवासी समर गोपालपुर, जिला रोहतक (हरियाणा) और चेतन वर्मा निवासी आवास विकास, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस आरोपियों की भूमिका और हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि युवक की मौत के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

 

ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/31/haridwar-first-dandwat-yatra-harki-pauri/

Loading

One thought on “रुद्रपुर में सनसनी: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हमले में राजेश की मौत”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *