देहरादून: संत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर नशीला पदार्थ खिलाकर की गई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है
। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली में रहने वाले नेपाली मूल के एक गिरोह से जुड़ा है। उसके पास से
27,500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की अर्टिगा कार बरामद की गई है।
इस मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 और 30 सितंबर की रात बल्लीवाला चौक के पास राज मार्केट निवासी महिपाल सिंह के घर काम करने वाले नौकर
भरत थापा ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
आरोप है कि आरोपियों ने घर में मौजूद भाजपा पार्षद अमिता सिंह और उनके परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया।
इसके बाद आरोपी घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को भरत थापा के साथ चार अन्य लोगों के शामिल होने
और वारदात में हरियाणा नंबर की कार के इस्तेमाल की जानकारी मिली।
कार के साथ दिनेश सुनार गिरफ्तार
पुलिस ने दूसरे राज्यों में भी आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के
आधार पर पुलिस ने 27 वर्षीय दिनेश सुनार को वारदात में इस्तेमाल कार के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर
बसंत विहार में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, दिनेश मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर टैक्सी की आड़ में अपने साथियों की मदद करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य घरेलू कामगार बनकर घरों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी करते थे।
दिनेश पर आरोप है कि वह अपनी टैक्सी से आरोपियों को घटनास्थल तक पहुंचाता और वारदात के बाद उन्हें वहां से ले जाता था।
चार आरोपी अभी फरार
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दिनेश को उसके साथियों ने 50 हजार रुपये दिए थे।
बाकी रकम चोरी का सामान बेचने के बाद देने की बात कही गई थी।
पूछताछ में पुलिस के सामने भरत थापा के अलावा आदित्य, अभिषेक और एलेक्स के नाम सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी नेपाली मूल के हैं और फिलहाल फरार हैं।
उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि नौकर का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, जिस एजेंसी के माध्यम से नौकर को रखा गया था, वहां उसका सत्यापन नहीं कराया गया था।
पुलिस ने संबंधित राज्य को एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए भी जानकारी भेजी है।
बसंत विहार में दूसरी चोरी का भी खुलासा, 8 लाख की ज्वेलरी बरामद
देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में एक अन्य मकान से जेवर चोरी करने के मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके पास से करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को बसंत कुंज निवासी अमित कुमार क्षेत्री ने शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि निजी काम से बाहर जाने के दौरान अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर अंदर रखी ज्वेलरी ले गया।
शिकायत के आधार पर बसंत विहार पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
और आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
चेकिंग के दौरान आरोपी पकड़ा गया
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 6 अक्टूबर की रात मालिक चौक से आगे खाला पुलिया
के पास चेकिंग के दौरान शानू पुत्र खुर्शीद अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए।
पूछताछ में उसने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात बताई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले मकान की रेकी की और मौका मिलने पर ताला तोड़कर चोरी की।
वह चोरी की ज्वेलरी बेचने के लिए बाहर जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, शानू के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ कोतवाली नगर और बसंत विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके, एक झुमका, सफेद धातु की एक अंगूठी
और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/07/seva-jyoti-yatra-uttarakhand-pm-modi-25-years/
![]()