जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करता था। पूछताछ के दौरान उसने ग्राम आसफनगर निवासी युवती का नाम बताया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर में छापा मारा। बताया जाता है कि पुलिस को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान होने के बाद सोनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
युवती के पाकिस्तान के जरिए नकदी के ट्रांजेक्शन की चर्चा
अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और आसपास के लोग हैरान रह गए। चर्चा है कि युवती भी पाकिस्तान के जरिए नकदी के ट्रांजेक्शन में शामिल थी। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ ले गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गरम है।
लोग हैरान हैं कि पाकिस्तान के माध्यम से इतने बड़े स्तर पर नकदी का ट्रांजेक्शन लंबे समय से किया जा रहा था। एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज मामले से संबंधित है, इसलिए स्थानीय पुलिस ने सीमित सहयोग किया। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।