Dehradun News: कांवली रोड पर दर्दनाक हादसा, डंपर ने मजदूर को कुचला, सड़क पर टायर जलाकर लोगों ने किया प्रदर्शन

देहरादून के कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शव उठाने नहीं दिया।

मृतक की पहचान सुखदेव सैनी निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करने के लिए बिहार से देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूर साथियों के साथ रहता था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर काम की तलाश में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग और डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक होती रही।
हादसे के चलते क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार का कहना है कि लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी डंपर चालक पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *