देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा विभाग में 1035 नए सहायक अध्यापकों की नियुक्ति हो गई है. इन सभी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र सौंपे हैं. बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां मुख्यमंत्री धामी ने चयनित 1035 सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र सौंपे. इन सभी सहायक अध्यापको में 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी युवा शिक्षक राज्य में शिक्षा का स्तर बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने कहा आज से आपके कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आ गई है. जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वो सिर्फ अपना जीवन ही नहीं संवारता, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है. शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं.
सीएम ने कहा राज्य में पिछले साढ़े चार सालों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है. ये सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के आत्मसम्मान की जीत है. इन साढ़े चार सालों में जितनी नौकरियां युवाओं को मिली हैं, वो राज्य गठन के बाद और पूर्ववर्ती सरकारों के समय से दो गुना से भी अधिक है. उन्होंने कहा सरकार युवाओं के भविष्य से किसी को खिलवाड़ नहीं करने देगी.