उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलते ही राजधानी दून में झमाझम बारिश हुई तो वहीं केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
केदारनाथ धाम में देर रात्रि से चारों तरफ पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भी मौसम बदला हुआ है। ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। आसमान बादलों से ढक गया और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने लगी। रूपकुंड, नंदा घुघुटी और त्रिशूल में लगातार बर्फबारी जारी है।
जिन जिलों के लिए 28 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिले शामिल हैं. 28 जनवरी को मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके अनुसार 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि होगी जिससे बागवानी, कृषि और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है.