Uttarakhand heavy rain : भारी बारिश से लोहाघाट पिथौरागढ़ और हल्द्वानी अल्मोड़ा NH बाधित, बढ़ी लोगों की परेशानियां - Uttarakhand Highlights

Uttarakhand heavy rain : भारी बारिश से लोहाघाट पिथौरागढ़ और हल्द्वानी अल्मोड़ा NH बाधित, बढ़ी लोगों की परेशानियां

Rain Water Harvesting

चंपावत/नैनीताल: कुमाऊं मंडल में 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. चंपावत जिले में बुधवार शाम से मूसलाधार बारिश हो रही है. भारी बारिश की वजह से लोहाघाट पिथौरागढ़ एनएच लगातार बाधित हो रहा है. सड़क पर मलबा हटाने का काम जिला प्रशासन द्वारा तेजी से किया जा रहा है. बाराकोट क्षेत्र के संतोला में लगातार पत्थर आने से मार्ग खोलने में रुकावट आ रही है. वहीं पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से हादसे का खतरा बना हुआ है.

गौर हो कि लोहाघाट पिथौरागढ़ एनएच में स्वाला मंदिर के समीप भारी मलबा आया है, जिसके चलते लोहाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग बाधित हो गया. नैनीताल में भारी बारिश के चलते भवाली- अल्मोड़ा हाईवे पर पहाड़ी दरकने से लैंडस्लाइड हुआ है. खैरना के पास भारी मलबा आने से हाईवे बंद हो गया है. वहीं क्वारब के पास भी सड़क पर भारी मलबा आ गया है. मलबा आने से हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है.

पुलिस और प्रशासन की टीम जेसीबी की मदद से हाईवे खोलने में जुटी हुई है, हाईवे बंद होने के बाद पुलिस ने रूट डाइवर्ट कर दिया है, जहां अब गाड़ियों को वाया रानीखेत होते हुए अल्मोड़ा भेजा जा रहा है. जिससे यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. नैनीताल जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते जिले की 29 सड़कें बंद हैं. पिछले 24 घंटे में हल्द्वानी में 165 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है. नैनीताल जिला आपदा प्रबंधन लगातार हो रही बारिश पर नजर बनाए हुए हैं.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *