Haridwar : करंट लगने की अफवाह से मची थी भगदड़ ,12 साल के बालक सहित आठ श्रद्धालुओं की मौत, 30 लोग घायल

हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर हुए हादसे के बाद आसपास के दुकानदार भी सिहर उठे। उनका कहना है देखते ही देखते कुछ ही सेकंड में भगदड़ मच गई। घायलों और मृतकों को उठाकर नीचे लाने के बाद एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। बस चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हादसे के बाद का ये मंजर आंखों में ही तैर रहा है।

RAIN WATER HARVESTING HD

स्थानीय दुकानदार विनोद पहलवान का कहना है कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे की ये घटना है। जैसे ही भगदड़ हुई रोपवे के कर्मचारियों ने 108 एंबुलेंस को फोन कर जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस पहुंचनी शुरू हो गई।

उससे पहले ट्रॉली के माध्यम से घायलों को उतारा गया और फिर जिला अस्पताल भिजवाया गया। चीख-पुकार और भगदड़ का वो दृश्य अभी तक जेहन में तैर रहा है। रोहित ने बताया कि घटना होने के बाद जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वह घायलों को उठाकर अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
नितिन ने बताया कि मनसा देवी सीढ़ी मार्ग गेट के पास ये हादसा हुआ। भीड़ अधिक जुटी हुई थी। सीढ़ी मार्ग से घायलों को तुरंत ट्रॉली के माध्यम से उतारा गया। क्योंकि मनसा देवी का गेट लगभग पास में ही था। बताया कि ये मंजर बेहद ही भयावह था। अभी तक आंखों के सामने से हादसे के बाद का मंजर नहीं हट रहा है।
मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर रविवार की सुबह नौ बजे भगदड़ मच गई। हादसे में एक 12 साल के बालक सहित आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। भीड़ के बीच कुछ दूरी पर फंसे एक चश्मदीद ने भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर रास्ते में दीवारों पर लगी बिजली तारें पकड़ने पर करंट लगने का दावा किया है।
मार्ग पर बनी दीवार पर तारें पकड़कर श्रद्धालु आगे की तरफ बढ़ रहे थे और करंट लगने के बाद भगदड़ मच गई। फरीदाबाद से आए संतोष कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि एक ही मार्ग से लोग आ और जा रहे थे।
डीएम ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर घायलों का हाल जाना। मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक, रविवार सुबह नौ बजे सूचना मिली कि मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर भगदड़ मचने से कुछ लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां आठ श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया कि बिजली के तार में करंट आने की अफवाह फैली थी, जिसके बाद भगदड़ मच गई। अभी इसके पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *