Uttarakhand : में बारिश के बाद भीषण लैंडस्लाइड, रुद्रप्रयाग में केदारनाथ एनएच पर ढहा पहाड़, बदरीनाथ नेशनल हाईवे भी बंद

रुद्रप्रयाग/चमोली: उत्तराखंड के कई जिलों में आज मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. रुद्रप्रयाग जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश का साइड इफेक्ट आज सुबह देखने को मिला. पहले से ही लैंडस्लाइड की मार झेल रहे केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शनिवार सुबह फिर से लैंडस्लाइड हुआ है.

RAIN WATER HARVESTING HD

यहां हुआ लैंडस्लाइड: शनिवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले में लैंडस्लाइड से हड़कंप मच गया. ये लैंडस्लाइड केदारनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ है. डोलिया देवी के पास अचानक पहाड़ ढह गया. देखते ही देखते पहाड़ से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा नीचे गिरने लगा. बोल्डरों और मलबे से केदारनाथ नेशनल हाईवे पट गया. इससे एनएच पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई. गनीमत ये रही कि इस खतरनाक लैंडस्लाइड के दौरान बोल्डरों और मलबे की चपेट में कोई यात्री और वाहन सवार नहीं आया.

चमोली जिले में भी भूस्खलन: चमोली जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भी लैंडस्लाइड हुआ है. शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण यहां पहाड़ी से मलबा गिरकर नेशनल हाईवे पर आ गया. इसके चलते गौचर के पास कमेड़ा में यातायात बंद हो गया है. वहीं छिनका में नेशनल हाईवे को साफ किया जा रहा है. थराली-देवाल मोटर मार्ग नंदकेसरी के समीप सड़क पर मलबा आने से मार्ग बंद है.

थराली-देवाल मोटर मार्ग पर लैंडस्लाइड: देर रात हुई भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़क मार्ग भी जगह-जगह बाधित होने से आवाजाही करने में खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. थराली देवाल मोटर मार्ग की नंदकेसरी के समीप भारी मात्रा में मलबा आने से आवाजाही रुक गई. इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. थराली-देवाल, वाण मोटर मार्ग पर भी लैंडस्लाइड हुआ. यहां पहाड़ी से लगातार पत्थर सड़क मार्ग पर गिर रहे हैं. पत्थर गिरने से सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *