लैब अटेंडेंट परीक्षा : यह मामला केवल ब्लूटूथ से नकल कराने तक ही सीमित नहीं , प्रश्नपत्र देश में कहीं लीक होने की भी आशंका

नवोदय विद्यालय लैब अटेंडेंट परीक्षा यह मामला केवल ब्लूटूथ से नकल कराने तक ही सीमित नहीं है। बल्कि इस परीक्षा का प्रश्नपत्र देश में कहीं लीक होने की भी आशंका है। यह सुराग पुलिस को उस अभ्यर्थी के मोबाइल से मिले जो सबसे पहले पकड़ा गया था। इसका मामला सबसे अलग है।

RAIN WATER HARVESTING HD

अभ्यर्थी को प्रश्नपत्र के सभी प्रश्नों के उत्तर टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से भेजे गए थे। पुलिस ने उस नंबर पर भी बात करने की कोशिश की लेकिन नंबर बंद हो गया। ऐसे में अब पुलिस उत्तर भेजने वाले की भी तलाश कर रही है। दरअसल, यह परीक्षा देश के कई शहरों में आयोजित की गई थी। देहरादून में नकल का मामला सामने आया तो पुलिस ने सॉल्वर गैंग के दो लोगों को भी पकड़ लिया। लेकिन, इन दो लोगों ने केवल 16 अभ्यर्थियों से नकल कराने के लिए रकम ली थी।

ये उन्हें प्रश्नों के उत्तर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से बताने वाले थे। लेकिन, सोशल बलूनी स्कूल से सुबह की पाली में पकड़े गए अभ्यर्थी का मामला इससे बिल्कुल अलग है। उसके पास ब्लूटूथ डिवाइस थी तो जरूर लेकिन असल खेल उसके मोबाइल में हुआ। उसके मोबाइल में आखिरी के एक घंटे में सभी प्रश्नों के बकायदा उत्तर आए थे।मसलन किस सवाल का उत्तर ए है किसका बी और सी। यह सब सीरीज में उसे टेक्स्ट मैसेज किया हुआ था। अब यह पेपर यहीं किसी परीक्षा केंद्र से लीक हुआ या फिर देश के किसी और हिस्से से यह जानकारी पुलिस कर रही है। लेकिन, अब तक की जांच इतना तो तय है कि पेपर लीक जरूर हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब टेक्स्ट मैसेज भेजने वाले नंबर पर पुलिस ने फोन लगाया तो नंबर एकदम स्विच ऑफ हो गया। ऐसे में अब पुलिस सर्विलांस व अन्य माध्यमों से इस नंबर के स्वामी की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *