पौड़ी: भाजपा के लिए इस बार बागियों से निपटना चुनौतीपूर्ण हो गया है. बागी नेताओं पर कार्रवाई की बात कही जा रही है. लेकिन मौजूदा नगर निकाय चुनाव में निर्दलीय पार्टी प्रत्याशियों का खेल बिगाड़ सकते हैं. बागी प्रत्याशी कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर रहे हैं.
निर्दलीय प्रत्याशी बिगाड़ सकते हैं समीकरण: पौड़ी नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है. पार्टी के चार बागी उम्मीदवारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया है. जिससे भाजपा का समीकरण बिगड़ सकता है. भाजपा से बगावत कर चुनावी मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों में प्रियंका पंत थपलियाल, हिमानी नेगी, बीरा भंडारी और कुसुम चमोली शामिल हैं. इन सभी ने नामांकन वापसी की तारीख तक अपना नाम वापस नहीं लिया और अब अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.