उत्तराखंड कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मंच पर एक-दूसरे को माला पहनाने को
लेकर उलझते नजर आ रहे हैं। बागेश्वर जिले का बताया जा रहा यह वीडियो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
खास बात यह है कि जिस समय मंच पर यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उस दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी मौजूद थीं।
वीडियो में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर कुछ देर तक नोकझोंक जैसी स्थिति दिखाई देती है।
इस दौरान कुमारी शैलजा भी दोनों नेताओं को देखती नजर आती हैं। घटनाक्रम के कुछ पलों में वह अपना सिर पकड़कर बैठी दिखाई देती हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर की इस हल्की-फुल्की खींचतान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
माला पहनाने को लेकर मंच पर आमने-सामने आए हरीश रावत और यशपाल आर्य
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बागेश्वर में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने हाथ में फूलों की माला लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की ओर बढ़ते हैं।
इसी बीच यशपाल आर्य उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले लेते हैं और हरीश रावत को माला पहनाने की कोशिश करते हैं।
हालांकि, हरीश रावत हाथ के इशारे से उन्हें ऐसा करने से मना करते दिखाई देते हैं। वह पहले खुद
यशपाल आर्य को माला पहनाना चाहते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं के
बीच माला को लेकर कुछ देर तक खींचतान जैसी स्थिति बन जाती है।
कुछ समय बाद हरीश रावत माला पहनने के लिए अपना सिर झुका देते हैं, लेकिन यशपाल आर्य
इसके बावजूद माला पहनाने से इनकार करते नजर आते हैं। मंच पर मौजूद अन्य नेताओं
और कार्यकर्ताओं के सामने हुआ यह घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।
कुमारी शैलजा के सामने हुआ पूरा घटनाक्रम
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी मंच पर मौजूद थीं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर चल रही नोकझोंक उनके सामने ही होती है।
कुमारी शैलजा की प्रतिक्रिया भी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का हिस्सा बन गई है।
हालांकि, दोनों नेताओं के बीच इस घटनाक्रम के पीछे किसी राजनीतिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में मुख्य रूप से माला पहनाने को लेकर आपसी नोकझोंक ही दिखाई दे रही है।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं कुमारी शैलजा
दरअसल, कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा 17 नवंबर से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं।
इस दौरान वह प्रदेश के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में
जाकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं।
इस दौरे का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर
कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करना और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ऐसे समय में पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं का माला पहनाने को लेकर मंच पर
नोकझोंक का वीडियो वायरल होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/21/yogi-adityanath-mother-last-rites-chandi-ghat-haridwar/
![]()