उत्तराखंड में छठ महापर्व की धूम, मुख्य सचिव ने दिया अर्घ्य - Uttarakhand Highlights

उत्तराखंड में छठ महापर्व की धूम, मुख्य सचिव ने दिया अर्घ्य

Rain Water Harvesting

देहरादून: उत्तराखंड में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

देहरादून से लेकर हरिद्वार तक सुबह से ही छठ घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

सोमवार तड़के छठी मैया के गीतों के बीच व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की टोकरी

और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। इस दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन भी

छठ पूजा में शामिल हुए और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

देहरादून और हरिद्वार के घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।

नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट सहित कई स्थानों पर तड़के से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी।

व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया

और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पूजा-पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी की छठ पूजा

प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया का आशीर्वाद लिया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्य सचिव ने कहा कि छठ पर्व केवल सूर्य उपासना का अवसर नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता

अनुशासन, संयम और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देता है।

उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी लोगों के जीवन में

सुख-समृद्धि बनी रहे और उत्तराखंड विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहे।

खटीमा में छठ महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार शाम खटीमा स्थित पूर्वांचल सेवा समिति के कार्यक्रम में पहुंचे।

यहां उन्होंने छठ महोत्सव में भाग लेकर भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 में संजय रेलवे पार्क के पास विकसित किए गए छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

 

ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/16/ankita-bhandari-case-vinod-arya-press-conference/

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *