Haridwar : कांवड़ियों से मिले DM-SSP, चाय-नमकीन का भी लिया स्वाद; हरिद्वार में 2.64 करोड़ शिवभक्त पहुंचे - Uttarakhand Highlights

Haridwar : कांवड़ियों से मिले DM-SSP, चाय-नमकीन का भी लिया स्वाद; हरिद्वार में 2.64 करोड़ शिवभक्त पहुंचे

Rain Water Harvesting

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेला अपने चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार शाम तक 2 करोड़ 64 लाख 08 हजार कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुके हैं। वहीं अब डाक कांवड़ वाहनों का आगमन भी तेज हो गया है। ऐसे में इस बार कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है।

कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर देर रात बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचे। अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

हरियाणा से आए कांवड़ियों ने पार्किंग की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान कांवड़ियों ने डीएम और एसएसपी को चाय-नमकीन भी खिलाई। बातचीत के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों से पूछा कि रात के खाने में क्या बना रहे हो भोले? कांवड़ियों ने बताया कि मटर पनीर और चावल बन रहे हैं। इस पर एसएसपी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “फिर तो हम भी यहीं कुर्सी डाल लें भोले।”

कांवड़ियों ने बताया कि वे डाक कांवड़ लेकर आए हैं और हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा पूरी करने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें और यात्रा के दौरान हुड़दंग से बचें।

रंगीन रोशनी से जगमगाया कांवड़ मार्ग

कांवड़ यात्रियों के स्वागत और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने हरिद्वार में व्यापक स्तर पर प्रकाश व्यवस्था की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नारसन बॉर्डर प्रवेश द्वार से राष्ट्रीय राजमार्ग तक रंगीन एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। रात के समय पूरा मार्ग आकर्षक रोशनी से जगमगा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों, शिविर क्षेत्रों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था की गई है। प्रशासन का उद्देश्य रात्रिकालीन आवागमन के दौरान कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।

2.64 करोड़ पार पहुंचा कांवड़ियों का आंकड़ा

पुलिस प्रशासन के अनुसार शुक्रवार शाम गंगा आरती तक 2 करोड़ 64 लाख 08 हजार कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुके थे। अब डाक कांवड़ वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं।

प्रशासन को उम्मीद है कि महाशिवरात्रि तक कांवड़ियों की संख्या में और तेजी से इजाफा होगा। ऐसे में इस वर्ष हरिद्वार कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *