Badrinath News : पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज , 25 जून को भी नोटों की गड्डी ले जाते दिखा आरोपी नौटियाल

बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के मामले की पुलिस की जांच रविवार को भी जारी रही। पुलिस ने 25 जून की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें भी आरोपी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने बीकेटीसी से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।

RAIN WATER HARVESTING HD

पुलिस के अनुसार, बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना सामान्यत, तीन से चार दिन के अंतराल में होती है। इस अवधि में 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को गणना की गई थी। जांच टीम ने इन तीनों दिनों के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर क्रमवार देख रही है। रविवार को पुलिस ने जब 25 जून को हुई गणना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो इसमें भी आरोपी कर्मचारी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिख रहा है।

रविवार को पुलिस ने बीकेटीसी के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। दो जुलाई को हुई चढ़ावे की गणना के दौरान आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल समेत 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे। इनमें कुछ स्थानीय साधु-संत भी थे, जो अक्सर चढ़ावे की गणना की प्रक्रिया में भाग लेते रहे हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।

आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल का मोबाइल फोन अब भी स्विच ऑफ है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी करेगी। इस मामले में 16 जुलाई को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर भी पुलिस की नजर है। जांच टीम के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। जो भी तथ्य या व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, उसकी पुष्टि बीकेटीसी कर्मचारियों से कराई जा रही है। जांच जल्द पूरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *