Tehri News : लगातार बारिश से खतरे का डर, असुरक्षित भवनों को तत्काल खाली करने के निर्देश, प्रशासन ने जारी किए नोटिस

लगातार हो रही बारिश के बीच नगर पंचायत घनसाली ने आपदा की आशंका को देखते हुए भिलंगना नदी किनारे रह रहे जोखिम वाले भवनों में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी किया है। नगर पंचायत ने ऐसे भवनों को असुरक्षित और संभावित खतरे की श्रेणी में चिन्हित करते हुए तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय निवासी विक्रम असवाल ने बताया कि तीन दिनों लगातार बारिश हो रही है, घनसाली में नदी किनारे बने मकान वास्तव में गलत बन रखे हैं, नदी किनारे मकानों को हमेशा ही खतरा बना रहता है, इसका सिर्फ एक ही निधान है कि उत्तरकाशी की तर्ज पर नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा के कार्य किए जाएं, प्रशासन ने सभी घरों नोटिस चस्पा कर दिया है।

Uttarakhand Rain Nagar Panchayat Ghansali issued notice directing immediate evacuation of unsafe buildings

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय कापड़ी ने बताया कि संबंधित 30 भवनों की स्थिति अत्यंत जोखिमपूर्ण पाई गई है। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है, जिससे जन-धन की हानि हो सकती है। इसलिए भवन स्वामियों एवं उनके परिवारों से अपने स्वयं के संसाधनों से यथाशीघ्र भवन खाली कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित होने को कहा गया है।

Uttarakhand Rain Nagar Panchayat Ghansali issued notice directing immediate evacuation of unsafe buildings

उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस जारी होने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति असुरक्षित भवन में निवास करता है और भविष्य में कोई दुर्घटना या जन-धन की हानि होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं की होगी। नगर पंचायत ने सभी प्रभावित लोगों से जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देशों का तत्काल पालन करने की अपील की है।

उधर, यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास शनिवार को भारी मलबा आने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे कई श्रद्धालु मार्ग में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की बड़कोट और जानकीचट्टी पोस्ट से टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। सड़क बंद होने से एसडीआरएफ जवानों ने वैकल्पिक मार्ग पर रस्सी लगाकर बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद जवानों ने सावधानी के साथ करीब 100 श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित मार्ग पार कराया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *