प्रेमनगर क्षेत्र में देहरादून घूमने आए एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी घायल युवक का दोस्त ही है।
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई को रजत मलिक ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। इसी दौरान प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में शिवानंद ने कृष्णा पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से पेट और जांघ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।