कक्षा 12वीं (या समकक्ष) परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को भी फिलहाल काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने और अपनी पसंद (चॉइस) भरने की अनुमति दी गई है। आईआईटी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के 12वीं में 75 प्रतिशत से कम अंक हैं तथा एससी, एसटी व दिव्यांग वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के 65 प्रतिशत से कम अंक हैं, वे भी अपनी रैंक के आधार पर सीट आवंटन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी के अनुसार न्यूनतम अंकों की पात्रता पूरी करने वाला संशोधित स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 तक ईमेल orgjee@iitr.ac.in पर भेजना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को उनकी रैंक के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी, लेकिन अंतिम प्रवेश तभी दिया जाएगा जब निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधित स्कोर कार्ड प्राप्त हो जाएगा। संशोधित स्कोर कार्ड मिलने के बाद चौथे राउंड के अंत तक आवंटित सीट पर अभ्यर्थी का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।