हल्द्वानी-कालाढूंगी हाईवे पर भाखड़ा पुल के मोड़ पर मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे पिकअप ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में घायल स्कूटी चालक भावना रावत (20) और सवार नेहा जोशी (20) को सीएचसी कालाढूंगी भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने भावना को मृत घोषित कर दिया जबकि नेहा को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
कालाढूंगी थाना के एसएसआई पंकज जोशी के अनुसार चकलुवा निवासी भावना रावत पुत्री भोपाल सिंह रावत अपनी स्कूटी यूके 04 एपी 6596 से नेहा को छोड़ने उसके घर लामाचौड़ जा रही थी। भाखड़ा पुल के मोड़ के पास सामने आई तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवतियां उछलकर सड़क पर गिर गई। हेलमेट नहीं पहनने से दोनों के सिर में गंभीर चोट आई है। आसपास के लोगों ने दोनों को कालाढूंगी सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सक ने भावना को मृत घोषित कर दिया। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया और मार्ग पर यातायात सुचारु कराया। भावना चकलुवा स्थित फैक्टरी में कार्यरत थी।