ऋषिकेश: चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है. इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। यात्रा की तैयारी को लेकर सोमवार को गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चार ट्रांजिट कैंप में चारों धामों के होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, ट्रांसपोर्टर टूर ऑपरेटर और डंडी, कंडी व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने गढ़वाल आयुक्त को कई सुझाव दिए। होटल व्यवसायियों ने धामों में यात्रियों की संख्या की वैधता खत्म करने, यात्रियों के पंजीकरण में न्यूनतम शुल्क तय करने की मांग की।
बैठक को तीन मुख्य समूहों में विभाजित किया गया था। पहले समूह में यात्रा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय पर चर्चा हुई। दूसरा समूह टूर और ट्रैवल ऑपरेटर्स से संबंधित था, जिसमें यात्रा के दौरान परिवहन और पर्यटकों की सुविधाओं पर ध्यान दिया गया। तीसरे समूह में यमुनोत्री और केदारनाथ धाम में डंडी कंडी सेवाएं देने वाले प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को सुना गया।
बैठक में होटल एसोसिएशन और अन्य संगठनों ने भी अपनी कुछ मांगें रखीं, जिनका समाधान एक सब-कमिटी द्वारा किया जाएगा। इस कमिटी में एडिशनल कमिश्नर, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि और रजिस्ट्रेशन विशेषज्ञ शामिल हैं, जो आज ही बैठक कर सकारात्मक समाधान निकालेंगे। पिछले साल के अनुभवों को देखते हुए डग्गामार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए RTO के साथ मिलकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।