CHAMOLI: नेशनल विंटर गेम्स का आगाज, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया विंटर कार्निवल का शुभारंभ

चमोली: विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026’ का भव्य आगाज हो गया है. इस नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमों के अलावा आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सेना की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं. राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आगाज जाइंट सलालम महिला वर्ग की रेस के साथ हो गया है. पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया.

शुक्रवार को महिला वर्ग की जाइंट सलालम प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें कुल 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में पहला स्थान आंचल ठाकुर ने हासिल किया. जबकि, दूसरा संध्या और तनुजा ठाकुर ने हासिल किया. खास बात ये है कि तीनों विजेता हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं.औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 2026 का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा रहा है. देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है.

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस विंटर कार्निवल में कई गतिविधियां संचालित होंगी. साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोक कलाओं की प्रस्तुतियां भी इस आयोजन को एक अद्वितीय उत्सव बना रही हैं.उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा. होमस्टे और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देगा. साथ ही क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा. हमारा उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि औली को एक स्थायी विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में विशिष्ट पहचान मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *