लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 11 फरवरी को अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश कर दिया है. यह बजट योगी सरकार का 10वां बजट है. उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में 9,12,696 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट है. यह बजट पिछले साल की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत ज्यादा है. यह बजट प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
बजट की मुख्य घोषणाएं
एग्री एक्सपोर्ट हब: वित्त मंत्री ने बताया कि यूपी कृषि उत्पादन में नंबर वन है। राज्य में एग्री एक्सपोर्ट हब बनाए जाएंगे, जिससे कृषि उत्पादों की निर्यात क्षमता बढ़ेगी।
युवाओं को रोजगार की ट्रेनिंग: सरकार युवाओं को रोजगार के लिए ट्रेनिंग देने की योजना बना रही है, ताकि उन्हें कुशल श्रमिक बनाया जा सके।
किसानों के लिए योजनाएं: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 62 लाख किसानों को फायदा पहुंचाया गया। इसके अलावा, किसानों को 51 लाख करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति भी की गई है।
निवेश और रोजगार: वित्त मंत्री ने बताया कि यूपी में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। फरवरी 2024 में चौथे ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट के बाद 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हस्ताक्षरित हुए हैं, जिनसे 10 लाख रोजगार के अवसर उत्पन्न हो सकते हैं।
मोबाइल फोन विनिर्माण: यूपी अब भारत का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है, जहां देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 65 प्रतिशत होता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में बढ़ोतरी: प्रदेश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, और प्रदेश की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स यूनिट्स देश में स्थित हैं।