शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत के दौरे पर पहुंचे. जहां मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में आयोजित बजट से पूर्व संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रबुद्धजनों के विचारों को सुना । मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान प्राप्त सभी सुझावों को आगामी बजट में समाहित करने का यथासंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि बजट जन-आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिबिंब बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट किसी राज्य अथवा देश की आय-व्यय का मात्र लेखा-जोखा नहीं होता, बल्कि यह आने वाले वर्षों के विकास का स्पष्ट रोडमैप होता है। हमारी सरकार प्रदेश के समेकित, संतुलित एवं सतत विकास के लिए पूर्ण मनोयोग और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर ही विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु हम निरंतर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं, ताकि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।