KOTDWAR: बाबा दुकान मामले में दीपक समेत 30-40 लोगों पर FIR दर्ज , राहुल गांधी ने बताया दीपक को हीरो

कोटद्वार: एक दुकान के नाम को लेकर उपजा विवाद अब पुलिस कार्रवाई और सियासी बयानबाजी तक पहुंच गया है. इस मामले में कोटद्वार पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. पुलिस ने दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
कोटद्वार के पटेल मार्ग निवासी वकील अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले 30 साल से ‘बाबा स्कूल ड्रेस’ नाम से दुकान चला रहे हैं. आरोप है कि 26 जनवरी 2026 को तीन-चार युवक उनकी दुकान में घुसे और खुद को बजरंग दल का सदस्य बताते हुए दुकान का नाम बदलने की धमकी दी. अहमद के मुताबिक नाम न बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है.
पुलिस ने बताया कि बजरंग दल से जुड़े कोटद्वार निवासी कमल पाल की तहरीर पर जिम संचालक दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत एवं उनके अन्य साथियों के विरुद्ध गाली-गलौज करते हुए जाति-सूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की नीयत से हमला करने के संबंध में मुकदमा किया गया है. इसके अलावा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, नेशनल हाईवे जाम करने और पुलिस से मारपीट के आरोप में 30-40 अज्ञात लोगों पर अलग एफआईआर दर्ज की गई है.

मामले में कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दीपक को “भारत का हीरो” बताया. राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं और नफरत के माहौल में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक हैं. राहुल गांधी ने अपने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं. दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं – उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं. उन्होंने आगे लिखा कि वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *