रुद्रपुर: पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ कथित ऑडियो मामले में मुकदमा दर्ज करने का मामला सुर्खियों में है. मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद राजकुमार ठुकराल सामने आए हैं. उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेत्री मीना शर्मा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. उन्होंने ये भी कहा कि उनकी मां की तबीयत खराब होने के बावजूद वो जवाब देने आए हैं.
दरअसल, उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव 2025 से ठीक पहले का एक कथित ऑडियो सामने आया है. जिसको लेकर इन दिनों सियासी माहौल गरमाया हुआ है. आरोप है कि इस ऑडियो में जो आवाज है, वो पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की है. ऑडियो में वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री मीना शर्मा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी होने का दावा किया जा रहा है.
मामले को लेकर 27 जनवरी को कांग्रेसी नेत्री मीना शर्मा ने समर्थकों संग रुद्रपुर कोतवाली में प्रदर्शन किया. साथ ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. मीना शर्मा का कहना था कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले उनकी छवि को खराब करने के मकसद से जानबूझकर सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक ऑडियो वायरल किया गया था.