HARIDWAR: 2027 में होगा अर्ध कुंभ…रेलवे प्रशासन ने कसी कमर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में 2027 में अर्ध कुंभ का आयोजन होना है. मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है. मेले से पहले हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जाएगा. हरिद्वार के आसपास मोतीचूर और ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. डीआरएम रेलवे की ओर से इसकी जानकारी दी गई है.

डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक भी की. मुरादाबाद मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि 460 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार रेलवे स्टेशन पुनर्विकसित होगा. साथ ही रेलवे यार्ड का नवीनीकरण किया जाएगा. वहीं रेलवे स्टेशन के आवाजाही क्षेत्रों में कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए, स्थाई और अस्थाई व्यवस्थाएं की जाएंगी.

डीआरएम विनीता श्रीवास्तव हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचीं. उन्होंने अधिकारियों के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया. अपने इस निरीक्षण में डीआरएम ने रेलवे स्टेशन से हर की पैड़ी तक ट्रैक का जायजा लिया. बता दें कि रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरिद्वार रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण होगा. स्वच्छ और आधुनिक वेटिंग रूम, बेहतर लाइटिंग, डिजिटल साइनेज, खान-पान के स्टॉल, बेहतर कनेक्टिविटी और रेलवे यार्ड का नवीनीकरण शामिल है. नए प्रवेश द्वार, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग सुविधा, लिफ्ट और दिव्यांगों के अनुकूल विकास भी किया जाएगा, ताकि रेलयात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *