प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख महोम्मद बिन जायद अल नहयान सोमवार भारत की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और उनके परिवार का स्वागत किया।
पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति को गुजरात का एक शाही नक्काशीदार लकड़ी का झूला भेंट किया, जो कई गुजराती परिवारों के घरों का दिल है। इस झूले पर फूलों और पारंपरिक डिज़ाइनों की बारीक नक्काशी की गई है, जो कुशल कारीगरी को दर्शाती है। गुजराती संस्कृति में, झूला एकता, बातचीत और पीढ़ियों के बीच बंधन का प्रतीक है। यह उपहार यूएई द्वारा 2026 को परिवार वर्ष घोषित करने के साथ भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। यूएई भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है, वहीं बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी यूएई की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहे हैं। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (CEPA) के बाद आपसी व्यापार में तेजी से वृद्धि देखी गई है। रणनीतिक स्तर पर भी भारत और यूएई का सहयोग मजबूत हुआ है। आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख, समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग ने इस रिश्ते को और गहराई दी है। इसके अलावा, नवीकरणीय ऊर्जा, फिनटेक, स्टार्टअप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं।