अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा में बैठा खालिद भले पूरे मामले का सूत्रधार है पर पुलिस और आयोग उस मास्टरमाइंड को दबोचने के लिए बेचैन हैं जिसका नाम दीवाना सामने आया है। ये अलग बात है कि अभी पुलिस को न खालिद का मोबाइल मिला है न ही वह कथित दीवाना।
एसपी जया बलोनी ने बताया कि साबिया के मोबाइल से मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग में उस मास्टरमाइंड ने अपना नाम दीवाना ही बताया है। शक है कि उसने ही खालिद के परीक्षा केंद्र में न सिर्फ वह डिवाइस (संभवत: मोबाइल) पहुंचाई जिससे प्रश्नपत्र के स्क्रीन शॉट लिए गए बल्कि जैमर जाम कराने या खालिद को जैमर के रेंज से बाहर रखने में बड़ी भूमिका निभाई। हालांकि यह बड़ी आशंका है कि आरोपी ने साबिया को कॉल के दौरान अपना सही नाम नहीं बताया होगा।