ईरान ने अमेरिका और इस्राइल पर अपने परमाणु ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को अब तक किसी नुकसान के सबूत नहीं मिले हैं। आईएईए प्रमुख राफेल ग्रोसी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताते हुए रेडियोलॉजिकल रिसाव की आशंका से इनकार नहीं किया।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है कि अमेरिका और इस्राइल ने उसके परमाणु ठिकानों पर हमला किया है। ईरान के अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी यानी आईएईए में राजदूत ने कहा कि रविवार को हुए हमलों में परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाया गया। हालांकि वैश्विक परमाणु निगरानी संस्था ने अब तक किसी भी परमाणु केंद्र को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं की है।
आईएईए के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रोसी ने सोमवार को एजेंसी की 35 सदस्यीय बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में कहा कि एजेंसी को अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि ईरान की किसी परमाणु स्थापना पर हमला हुआ हो या उसे नुकसान पहुंचा हो। उन्होंने साफ कहा कि स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के आधार पर परमाणु केंद्र सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं।