हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा किया है. इस रैकेट में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपी पेशे से प्राइवेट स्कूल का प्रिंसिपल है. बीती 24 फरवरी को राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में उसी ने एक छात्रा के प्रवेश पत्र में धांधली कर मूल छात्रा की जगह, दूसरी लड़की से परीक्षा दिलाई थी. जांच में सामने आया कि अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल के प्रिंसिपल ने ही सारा षड्यंत्र रचा है.
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा: बीती 24 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड की हिंदी की परीक्षा थी. रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आठ छात्र फर्जी तरीके से परीक्षा देने आए थे. कक्ष निरीक्षकों ने फर्जीवाड़े को पकड़ लिया. खुलासा हुआ था कि आठ में से चार छात्र और चार छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी. मूल छात्रों की जगह दूसरे युवक युवतियां परीक्षा देने आए थे.7 युवक-युवतियां दूसरों के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए थे: रानीपुर क्षेत्रान्तर्गत स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में दूसरे के नाम पर फर्जी रूप से परीक्षा दिए जाने के संबंध में प्रिंसिपल चन्द्र द्विवेदी द्वारा मुकदमा पंजीकृत कराया गया था. उक्त प्रकरण में रानीपुर पुलिस द्वारा पूर्व में 03 मुन्ना भाई व 04 मुन्नी बहनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए गए थे. एक मुन्ना भाई फरार होने में कामयाब रहा था.
अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार: रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा जांच शुरू की गई. जांच में फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य साजिशकर्ता को चिन्हित किया गया. आरोपी चंगेज अंसारी पुत्र जहीर अंसारी, निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी द्वारा स्वयं को अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताया गया. उसके द्वारा द सक्सेज प्वॉइंट नाम से व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग संचालित करने की बात स्वीकार की गई.