पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का सीएम धामी ने शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया. इस अवसर पर नयार वैली में पैराग्लाइडिंग संस्थान की स्थापना की घोषणा के साथ ही क्षेत्रीय विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी की गई. कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान करने के साथ ही दिव्यांगों को उपकरण भी भेंट किए गए। साथ ही साहसिक खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया.
सीएम धामी ने कहा कि पौड़ी के पुराने कलेक्ट्रेट भवन का संरक्षण हेरिटेज भवन के रूप में किया जा रहा है. कोटद्वार में 50 बेड वाले आधुनिक चिकित्सालय का काम जारी है. सीएम धामी ने कहा पौड़ी में प्रदेश की पहली एनसीसी एकेडमी का निर्माण किया जा रहा है. कोटद्वार में 11 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है. मालन नदी में सड़क पुल का निर्माण जारी है.सीएम धामी ने कहा सतपुली झील का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. अगले चार माह में यह झील पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी, जो यहां की आर्थिकी को सुदृढ़ करेगी.
सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार पौड़ी जनपद सहित संपूर्ण उत्तराखंड के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है. दुर्भाग्यवश, प्रदेश के विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं. तुष्टिकरण की राजनीति और आधुनिक तकनीकों, जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर जनता को भ्रमित करने एवं प्रदेश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है.