रुद्रपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में युवा कारोबारी की कनपटी पर गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यापारी को तत्काल पास के हॉस्पिटल में ले जाया गया, लेकिन व्यापारी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल बरामद की है. मामले की गहन जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक आदर्श कॉलोनी निवासी स्वर्गीय अनिल चावला के बेटे ध्रुव चावला उम्र 25 साल की सिविल लाइन में शू विला” नाम से जूतों की दुकान है, जिसे वो अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ संचालित करते हैं. बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी और जल्द घर लौटने की बात कही थी. जब साढ़े दस बजे तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई.
ध्रुव की मां ने उनके पार्टनर हरजिंदर को दुकान पर जाकर देखने के लिए कहा, जब हरजिंदर दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. ध्रुव दुकान के भीतर खून से लथपथ बेसुध अवस्था में पड़े थे और उनकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल ध्रुव को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें एम्स रेफर कर दिया. फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.सीओ सिटी प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. मौके से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है.