मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश की जांच के बीच, एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने बुधवार को नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग की. उन्होंने यह भी दावा किया कि VSR कंपनी को बचाया जा रहा है.
बात दें कि वीएसआर कंपनी का लियरजेट प्लेन 28 जनवरी को पुणे के बारामती शहर में क्रैश हो गया था, जिसमें अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी.मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए, अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने नागरिक उड्डयन मंत्री के VSR कंपनी के मालिकों से संबंध होने का दावा किया. उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र के कुछ पूर्व मंत्री और आंध्र प्रदेश के शीर्ष मंत्री VSR कंपनी के मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी में शामिल हुए थे. कंपनी को काम करने की इजाजत है और बड़े नेता अभी भी कंपनी के लियरजेट प्लेन इस्तेमाल कर रहे हैं.”
विधायक रोहित पवार ने कहा कि नैतिक आधार पर नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्री के पद पर नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा, “अभी तक शुरुआती जांच रिपोर्ट भी नहीं आई है, और यह मानने की वजह है कि VSR कंपनी को बचाने की कोशिश की जा रही है.” अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने यह शक जताते हुए कहा कि क्या अजित पवार का प्लेन जानबूझकर मार गिराया गया था? उन्होंने यह भी आरोप लगाया, “इसमें इंश्योरेंस का एंगल भी है. साथ ही, प्लेन में जरूरत से अधिक फ्यूल भरा गया था, ताकि एक्सीडेंट के बाद कुछ भी न बचे.”