देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बढ़ते आपराधिक घटनाओं से बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को पुलिस हेड क्वार्टर का घेराव किया. इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई बड़े दिग्गज नेता मौजूद रहे. साथ ही कांग्रेस ने 16 फरवरी को राज भवन घेराव की चेतावनी भी दी है.
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस बल ने कांग्रेस जनों को सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई. कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता बैरिकेडिंग पार करके दूसरी ओर चले गए. हालांकि, पुलिस ने उन्हें दूसरे बैरिकेडिंग पर रोक दिया.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि, इस राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है. जिस प्रकार कहा जाता है कि ‘रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था’, उसी प्रकार राज्य की सरकार भ्रष्टाचार में व्यस्त है और इधर राज्य का पुलिस महकमा सरकार के कारिंदों के निजी मसलों को आगे बढ़ाने में लगा हुआ है. पुलिस का ध्यान जनता के हितों की तरफ नहीं है. इसलिए सरकार को चेताने और जगाने के लिए कांग्रेस ने सांकेतिक ज्ञापन देने का कार्यक्रम आयोजित किया है. गोदियाल का कहना है कि इसके बाद 16 फरवरी को भारी संख्या में कांग्रेसी राज भवन घेराव करके प्रदेश सरकार और भाजपा की जड़ों को काट फेंकने का काम करेंगे.