देहरादून: हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस के खाई में गिरने की खबर सामने आई है. इस हादसे में 3 लोगों की मौत बताई जा रही है. अनेक यात्री घायल हैं. हिमाचल प्रदेश से पांवटा जा रही एचआरटीसी की ये बस हरिपुर क्वानू मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई.पुलिस और एसडीआरएफ रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुके हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. ये हादसा मंगलवार सुबह हुआ है. बताया जा रहा है कि बस में कुल 30 लोग सवार थे.
CCR देहरादून द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि क्वानू, मीनस रोड, कालसी क्षेत्र में एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30 से अधिक यात्री सवार बताए गए हैं. इस सूचना पर अर्पण यदुवंशी सेनानायक, SDRF के आदेशानुसार SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी एवं त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं. प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल रोडवेज की बताई जा रही है.
हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी HRTC की जो बस खाई में गिरी है उसका नंबर एचपी66 ए 2588 है. बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी बस के परिचालक ने पुलिस को फोन करके दी. प्रथम दृष्टया हादसे का कारण किसी दूसरे वाहन को पास देते समय होना बताया जा रहा है. पास देते समय ड्राइवर ने बस को सड़के ज्यादा बाहर काट दिया और बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. बस ड्राइवर का नाम दिनेश शर्मा और कंडक्टर का नाम जगदीश चंद बताया जा रहा है.