नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को 2026-27 का आम बजट पेश करेंगी. बजट में जो भी घोषणाएं होंगी, उसे जनता के बीच ले जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक प्रचार अभियान की योजना तैयार कर ली है. ऐसा करके भाजपा बजट की घोषणाओं और नीतियों को देश के कोने-कोने तक पहुंचाएगी.
भाजपा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से पेश किए जाने वाले बजट को इस बार गांव गांव और चौपाल चौपाल तक पहुंचने का बीड़ा उठाया है. इसके लिए भाजपा ने पार्टी के अंदर नेताओं की एक स्पेशल टीम भी बना दी है. यह अभियान केंद्रीय बजट की मुख्य विशेषताओं को देशभर के लोगों तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक प्रचार अभियान शुरू करेगी, जो पूरे भारत में 1 फरवरी से 15 फरवरी तक, यानी दो सप्ताह के लिए चलाया जाएगा.
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विशेष पॉडकास्ट के माध्यम से बजट की प्रमुख उपलब्धियों और खास बातों को जनता के सामने रखेंगे. साथ ही, विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के संपादकीय लेख प्रकाशित किए जाएंगे.इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में चौपाल शैली की बैठकें, खुली चर्चाएं और सभाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि बजट को लेकर व्यापक जन-बहस हो सके. बीजेपी नेताओं का कहना है कि रविवार को पेश होने वाला यह बजट कोई आम बजट नहीं है, बल्कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का एक महत्वपूर्ण रोडमैप और मार्गदर्शक दस्तावेज है.