महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार का बुधवार को बारामती में प्लेन क्रैश में निधन हो गया. आज गुरुवार 29 जनवरी 2026 को बारामती के कटेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. जानकारी के मुताबिक सुबह 9 बजे के करीब उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई.महाराष्ट्र के बारामती में अजित पवार का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शरद पवार, सुप्रिया सुले, नितिन गडकरी, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे. बारामती के विद्या प्रतिष्ठान श्मशान घाट में अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया.
बता दें कि अजित पवार अगले महीने होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने जा रहे थे. सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर उन्होंने चार्टर प्लेन से उड़ान भरी और 8 बजकर 45 मिनट पर उनका प्लेन क्रैश हो गया. उनके साथ 5 लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई. सभी दिग्गजों ने अजित पवार के आसामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है.
वहीं, कुछ लोगों ने प्लेन क्रैश हादसे की जांच की भी बात कही हैं. इस पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस दुख के समय में किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए. महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत काम करने वाले AAIB हादसे की जांच कर रही है. इसके साथ ही पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट (ADR) का मामला दर्ज किया है.