रूद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले में पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के छोटे बेटे एवं रुद्रपुर नगर निगम के पार्षद सौरभ बेहड़ पर देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया. इस हमले में सौरभ बेहड़ गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए.
यह घटना रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार सौरभ बेहड़ किसी काम से क्षेत्र में मौजूद थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने सौरभ को घेर लिया और जमीन पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की.
हमले के दौरान सौरभ बेहड़ की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए. इसके बाद घायल अवस्था में सौरभ को तुरंत रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनका इलाज फुटेला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है.