उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है. बारिश और बर्फबारी न होने से सूखी ठंड पड़ रही है, जिससे बागवानों और किसानों को नुकसान हो रहा है. वहीं यह मौसम बीमार भी कर रह है. देहरादून के सरकारी अस्पतालों में वायरल, फ्लू के मरीज ज्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं. मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है, लेकिन रोजाना उत्तराखंड में वेदर ड्राई है. आने वाले दिनों में राज्य के कुछ जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बारिश और बर्फबारी होने से ठंड में इजाफा हो सकता है.
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक ,आज हरिद्वार और उधमसिंह नगर के साथ ही उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. देहरादून में भी आज आसमान मुख्यतः साफ़ रहेगा जबकि कहीं – कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. देर रात या सुबह के समय यहाँ कुहासा छाए रहने की संभावना है. देहरादून का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 06°C के लगभग रहने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, खासकर उच्च हिमालय के 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है. वहीं प्रदेश के शेष जिलों का मौसम शुष्क रहने के आसार है.