मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुलाकात के दाैरान कुछ बातें उनके समक्ष रखी हैं जिस पर सरकार जल्द ही निर्णय लेगी। सरकार के स्तर पर लिए जाने वाले निर्णय के लिए कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
जिला देहरादून के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद बृहस्पतिवार को मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन व बेटी की हत्या का मामला संवेदनशील है। माता-पिता को सबसे ज्यादा कष्ट हुआ है कि उनकी बेटी गई है। पहले से ही मेरा मानना था कि अंकिता के माता-पिता जिस भी जांच के लिए कहें, सरकार उसके लिए तैयार है।
एक और ऑडियो वायरल हुआ है। उसके बारे में विपक्ष को कहना चाहिए और प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। सीएम ने कहा, कानूनी कार्रवाई चलती रहेगी। दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला आया है। इसके बाद के घटनाक्रम पर प्रदेश में एसआईटी भी मामले की जांच कर रही है। अंकिता के माता-पिता ने जो बातें कहीं, उन पर निर्णय लेने के लिए कानूनी राय ली जा रही है। जल्द ही सरकार इस पर निर्णय लेगी।