बनभूलपुरा के रेलवे भूमि विवाद में बुधवार (आज) सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। फैसले से पहले जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। बनभूलपुरा जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड लगाकर चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक है। स्थानीय लोगों को भी लोकल आईडी दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।पूर्व में यह सुनवाई दो दिसंबर को होनी थी लेकिन समयाभाव के कारण इसे टालते हुए 10 दिसंबर की तारीख मुकर्रर की गई।
66 सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करें। आगे की कार्रवाई में शासन प्रशासन का सहयोग करें। शांति व्यवस्था बनाए रखें। अफवाह न फैलाएं। किसी भी तरह की गलत बयानबाजी तथा व्यवधान उत्पन्न करने और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का प्रयास न करें। पुलिस, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी नजर रखे है। लोग भी किसी भी तरह से गलत हरकत करने से बचें। डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
इमाम मोहम्मद आसिम सहित 20 लोग किए गए पाबंद
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे जमीन मामले की सुनवाई को देखते हुए पुलिस ने बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम सहित 20 लोगों को निजी मुचलके में पाबंद किया है। मौलाना से पिछले दिनों दिल्ली से आई सुरक्षा एजेंसियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में पूछताछ की थी। बाद में उन्हें छोड़ दिया था। पुलिस का मानना है कि मौलाना की आमजन में पकड़ है। उनके कहने पर भीड़ जमा हो सकती है। इससे पहले एक दिसंबर को 121 लोगों को पाबंद किया गया था। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने देर शाम तक 15 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह संख्या अभी बढ़ सकती है। पकड़े गए लोगों में बनभूलपुरा हिंसा के आरोपी भी शामिल हैं। कहा कि क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का निगरानी तंत्र है। कंट्रोल रूम से भी सीसीटीवी के जरिए पुलिस नजर रख रही है।
बनभूलपुरा में आज बंद रहेंगे स्कूल
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम भी नहीं खुलेगा
करीब आठ सौ कर्मियों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
बताया कि सुरक्षा के लिहाज से तीन एएसपी, चार सीओ, 12 थानाध्यक्ष व इंस्पेक्टर, 45 एसआई व एएसआई और 400 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पीएसी की तीन कंपनियां भी तैनात होंगी। इसके साथ ही चार-चार की संख्या में फायर
यूनिट, टियर गैस यूनिट और ड्रोन रहेंगे। वहां एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा, एडीएम विवेक राय, एएसपी दीपशिखा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम राहुल शाह, सीओ अमित कुमार आदि मौजूद थे।
प्रवेश के लिए आईडी जरूरी… बुधवार सुबह छह बजे से ही बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना लोकल आईडी के किसी का भी प्रवेश नहीं होगा। बिना पहचान पत्र मिलने पर पुलिस उस व्यक्ति पर कार्रवाई कर सकती है।
गौला बाईपास से करनी होगी आवाजाही… बनभूलपुरा को जाने वाले सभी मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। सभी रूट पर बैरिकेडिंग की गई है। ऐसे में गौलापार, चोरगलिया, सितारगंज, टनकपुर को जाने वाले लोगों को तीनपानी से गौला बाईपास होते हुए आवाजाही करनी होगी।
खुफिया तंत्र सक्रिय… बनभूलपुरा के माहौल की जमीनी हकीकत जानने को खुफिया तंत्र जुट गया है। हर तरह की सूचना एकत्र कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी जा रही है।