दिल्ली की भाजपा विधायक पूनम भारद्वाज ने कांवड़ यात्रा में भाग लिया। भगवान शिव में अटूट आस्था लिए श्रद्धालु नंगे पांव जल उठाकर लगातार अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। आस्था के पथ पर शिवभक्तों का सैलाब दिखा। सुबह बारिश के बीच भी शिवभक्तों के कदम आगे बढ़ते रहे।
सड़कें भगवा चोला ओढ़े रही और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजती रही। मन में आस्था लिए शिव रंग में रंगकर श्रद्धालु दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की ओर बढ़ते रहे। वहीं, पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रही धूप से भी बुधवार को बारिश के बाद कांवड़ियों को राहत मिली।
सांसद ने बरसाए कांवड़ यात्रियों पर फूल
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार-रुड़की हाईवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कांवड़ यात्रियों को फल और पानी की बोतलें वितरित कीं। कांवड़ यात्रियों की कुशल यात्रा की कामना की और सभी से संयम व श्रद्धा बनाए रखने की अपील की। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनका जीवन सेवा को समर्पित रहा है। उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए यह सेवा कार्य किया गया।