प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। आरोपपत्र में इन पर एसोसिएट्स जर्नल लिमिटेड (एजेएल) के अंतर्गत आने वाली 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति को हड़पने का आरोप है। सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से भी ईडी जमीन के लेनदेन से जुड़े मामले में पूछताछ कर रही है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब गांधी परिवार के सदस्यों पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ी हो। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी पर कुल मिलाकर 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिन पर कार्रवाई अलग-अलग चरण में जारी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 2024 को लोकसभा चुनाव में दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उन पर कुल 18 मामले दर्ज हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भी दो अन्य मामलों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई हैं। यानी उनके ऊपर चल रहे मामलों की संख्या 20 के ऊपर पहुंच गई है।
राहुल गांधी पर मानहानि के मामलों में कर्नाटक से लेकर उत्तर प्रदेश तक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में वे दोषी भी करार दिए जा चुके हैं। वहीं, बाकी 14 मामले कोर्ट में अलग-अलग दौर में हैं। इनमें कुछ प्रमुख केस हैं…
2014: महात्मा गांधी की हत्या के तार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जोड़ने का मामला
आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने 2014 में राहुल के एक भाषण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। राहुल गांधी ने भाषण में महात्मा गांधी की हत्या का आरोप आरएसएस पर लगाया था, जिसके बाद कुंटे ने भिवंडी मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत की थी।
2015: संघ कार्यकर्ताओं पर मंदिर में न घुसने देने का आरोप
राहुल ने 2015 में दिल्ली में आरएसएस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि जब वे असम में एक मंदिर के दौरे पर जा रहे थे तो संघ कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंदिर में घुसने से रोक दिया। इस मामले में संघ कार्यकर्ता अंजन बोरा ने राहुल पर गुवाहाटी में मानहानि की शिकायत की थी।
पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को भाजपा-आरएसएस की विचारधारा से जोड़ने वाली टिप्पणी के लिए राहुल के खिलाफ 2017 में मुंबई में मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पहले सोनिया गांधी और सीताराम येचुरी भी आरोपी थे। हालांकि, सोनिया को बाद में राहत दे दी गई। वहीं, सीताराम येचुरी का निधन हो गया है।
2018: अमित शाह के खिलाफ विवादास्पद पोस्त का आरोप
राहुल गांधी पर वर्ष 2018 में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने का आरोप है। राहुल ने कहा था कि शाह ने अहमदाबाद के जिला कोऑपरेटिव बैंक के साथ मिलकर नोटबंदी के दौरान 745 करोड़ के बंद हो चुके नोटों को गलत तरह से बदल लिया था। मामले में बैंक और उसके चेयरमैन ने राहुल पर अहमदाबाद की अदालत में केस किया था।
2018 में राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर राहुल गांधी ने घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री पर हमला बोला था। उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए ‘कमांडर-इन-थीफ’ टिप्पणी की थी। इस मामले में राहुल के खिलाफ भाजपा से महाराष्ट्र प्रदेश समिति के सदस्य महेश श्रीश्रीमाल ने मुंबई में राहुल के खिलाफ मानहानि का केस किया था।
2018: अमित शाह को हत्या का अभियुक्त कहने का आरोप
राहुल पर आरोप है कि कर्नाटक चुनाव के दौरान बंगलूरू में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा था कि भाजपा जो कि ईमानदारी व स्वच्छता की राजनीति करती है, उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष एक हत्या अभियुक्त है। इसके बाद राहुल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में केस दर्ज हुआ था।
2019: लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान शाह पर टिप्पणी के दो केस
2019 के लोकसभा चुनावों से पहले झारखंड के चाईबासा में एक सार्वजनिक भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कथित तौर पर अमित शाह के लिए ‘हत्यारा’ शब्द का प्रयोग किया था। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नवीन झा ने राहुल के खिलाफ चाईबासा में मानहानि का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में उनके खिलाफ एक एफआईआर रांची में भी दर्ज हुई थी।
इतना ही नहीं राहुल गांधी पर लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ही जबलपुर में एक रैली के दौरान भी शाह को ‘हत्या केस का आरोपी’ बुलाने का आरोप लगा था। इस मामले में अहमदाबाद के कालूपुर वार्ड के कार्पोरेटर कृष्णवदन ब्रह्मभट्ट ने मेट्रो कोर्ट नम्बर 16 में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
2019: मोदी उपनाम पर अभद्र टिप्पणी का आरोप (तीन केस)
2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार की एक रैली में राहुल गांधी ने कहा था, ‘कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी हैं?’ इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा दो और जगहों पर शिकायत हुई। इनमें सूरत की अदालत ने राहुल गांधी को दोषी मानते हुए दो साल की सजा भी सुनाई। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से राहुल को राहत दे दी गई।
राहुल पर 17 नवंबर 2022 को भारत जोड़ो पदयात्रा के दौरान महाराष्ट्र के अकोला में वीर सावरकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। मामले में एक शिकायत ठाणे में और दूसरी शिकायत उत्तर प्रदेश में भी दर्ज हुई थी।
2023: सावरकर पर विवादास्पद टिप्पणी का आरोप
मार्च 2023 में लंदन में एक भाषण के दौरान राहुल ने कहा था कि सावरकर ने अपनी किताब में लिखा था कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई की थी और उन्हें इस पर खुशी हुई। इसे लेकर सावरकर के भतीजे सत्यकी सावरकर ने राहुल के खिलाफ पुणे की कोर्ट में शिकायत दायर की थी।
राहुल गांधी पर 2021 में एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप भी है। इसे लेकर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने 2021 में ही केस दर्ज कराया था और पीड़िता की पहचान उजागर करने को लेकर राहुल पर कार्रवाई की मांग की थी।। इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई थी।
3. कॉपीराइट केस
2024 में लहरी म्यूजिक की सहयोगी कंपनी एमआरटी म्यूजिक के एम नवीन कुमार ने बंगलूरू के यशवंतपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि फिल्म का संगीत कांग्रेस पार्टी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा के एक प्रचार वीडियो में प्रयोग किया गया था, जिसका कॉपीराइट उनके पास है। मामले में राहुल गांधी के साथ जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ एफआईआर हुई थी। कर्नाटक हाईकोर्ट ने भी इन नेताओं को राहत देने से इनकार कर दिया था।
दिसंबर 2024 में राहुल गांधी एक अन्य मामले में भी घिरे थे। यह केस था संसद के बाहर प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की करने का। भाजपा का आरोप था कि राहुल ने उनके नेता प्रताप सारंगी से धक्कामुक्की की, जिस वजह से उसके बुजुर्ग सांसद चोटिल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज हुआ था।
4. मनी लॉन्ड्रिंग केस
राहुल गांधी पर एक मामला 2012 में दर्ज हुआ था। यह मामला नेशनल हेराल्ड की संपत्ति से जुड़ा है। इसमें सोनिया गांधी, दिवंगत मोतीलाल वोरा व अन्य को भी आरोपी बनाया गया। हाल ही में इस मामले में चार्जशीट दाखिल हुई है और राहुल को धन शोधन मामले का आरोपी बनाया गया है।
राहुल गांधी के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पहले कर्नाटक के बंगलूरू और फिर असम के गुवाहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान और हिंसा भड़काने के आरोप में केस दर्ज हुए थे।
6. अमेरिका से सिख समुदाय को लेकर विवादास्पद बयान
राहुल गांधी पर अमेरिका में बैठकर सिख समुदाय को लेकर कुछ विवादास्पद टिप्पणियां करने का भी आरोप लगा था। इस मामले में छत्तीसगढ़ और दिल्ली में एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें राहुल पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा था।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने 2024 में केरल के वायनाड सीट से उपचुनाव लड़ा था। इस दौरान दिए गए हलफनामे में उन्होंने अपने ऊपर चल रहे तीन मामलों के बारे में बताया था।